UTTARAKHAND

सनेह मल्ली में गुलदार को पकड़ने के लिए लगाए दो और पिंजरे

कोटद्वार

सनेह क्षेत्र के गुलदार प्रभावित गांव सनेह मल्ली में हमलावर गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने दो और पिंजरे लगा दिए हैं। उच्चाधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद क्षेत्र में अब कुल तीन पिंजरे लगाए जा चुके हैं। वहीं, गुलदार को बेहोश कर पकड़ने के लिए हल्द्वानी से डॉ. राहुल सती के नेतृत्व में ट्रेंकुलाइज टीम भी देर शाम तक कोटद्वार पहुंच जाएगी। वनकर्मियों की दो टीमें क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही हैं।गत तीन नवंबर की देर शाम सनेह मल्ली में गुलदार ने आठ वर्षीय बच्ची सान्वी पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने शुरुआत में घटनास्थल के पास एक पिंजरा लगाया था। पार्षद संजय भंडारी ने बताया कि हमलावर गुलदार लगातार आबादी क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। बृहस्पतिवार शाम करीब 7:30 बजे गुलदार कोटड़ीढांग में मेहरबान सिंह चौधरी के घर के पास दिखाई दिया। इसके करीब 20 मिनट बाद वह पार्षद के घर के पास भी नजर आया। इससे लोगों में दहशत बनी हुई है।गुलदार को पकड़ने और गोली मारने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को क्षेत्रवासियों ने कोटड़ी रेंज कार्यालय में रेंजर विपिन चंद्र जोशी का घेराव किया था। ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने दो और पिंजरे लगाने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा था। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक से अनुमति मिलने के बाद गंगा वाटिका, घटनास्थल सहित तीन स्थानों पर पिंजरे लगा दिए गए हैं।रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि गुलदार प्रभावित सनेह मल्ली और आसपास के क्षेत्र में 12 वनकर्मियों की दो टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। देर शाम तक डॉ. राहुल सती के नेतृत्व में ट्रेंकुलाइज टीम के भी पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने लोगों से विशेषकर रात के समय सतर्कता बरतने की अपील की है।
शाम छह बजे के बाद आवाजाही नहीं करने की सलाह
गुलदार की लगातार सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को शाम छह बजे के बाद कोटद्वार-पाखरो मार्ग और खोह नदी से लगे सनेह तल्ली मार्ग पर आवाजाही नहीं करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *