जनरल मुनीर के बयान पर सीएम सरमा बोले- सच्चाई स्वीकार कर आगे बढ़ा जाए
गुवाहाटी
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के हालिया बयान पर कड़ा जवाब देते हुए कहा, कि अब वक्त आ गया है कि भारत सच्चाई स्वीकार कर ले और पाकिस्तान से बेहतर संबंधों की उम्मीद छोड़ आगे बढ़े। उन्होंने गुरुवार 17 अप्रैल को सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, हमें अब सच्चाई स्वीकार करनी होगी।
मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख का बयान साफ करता है कि भारत और पाकिस्तान वैचारिक, धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। यह बात 1947 की ‘टू नेशन थ्योरी’ को और मजबूती देती है, जिसके आधार पर पाकिस्तान का गठन हुआ था। सरमा ने अपनी पोस्ट में लिखा, कि हमारे धर्म, परंपराएं, सोच और आकांक्षाएं पाकिस्तान से अलग हैं। इसलिए अब यह हमारा कर्तव्य है कि हम अपनी सभ्यता और संस्कृति की रक्षा करें, अपने राष्ट्र को मजबूत बनाएं और दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा को ऊंचाई दें।
दरअसल, जनरल असीम मुनीर ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान कश्मीर को पाकिस्तान की गले की नस बताया और कहा कि हम इसे कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने ‘टू नेशन थ्योरी’ को सही ठहराते हुए यह भी कहा कि भारत और पाकिस्तान कभी एक राष्ट्र नहीं हो सकते। जनरल मुनीर का यह बयान प्रवासी पाकिस्तानियों को संबोधित करते हुए आया, जिसमें उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कश्मीर पर अपना दावा कभी नहीं छोड़ेगा। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम सरमा ने भारत को सही दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।
