NATIONAL

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 15-16 नवंबर 2026 को मिस्र का दौरा करेंगे

नई दिल्ली

 केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 15 से 16 नवंबर 2026 तक अरब गणराज्य मिस्र की आधिकारिक यात्रा करेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और मिस्र के बीच लंबे समय से चले आ रहे द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना तथा व्यापार, निवेश, औद्योगिक सहयोग और कारोबारी साझेदारी के नए अवसर तलाशना है।

यात्रा के दौरान भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति (जेटीसी) के 7वें सत्र, संयुक्त व्यापार परिषद (जेबीसी) की बैठक और भारत-मिस्र बिजनेस फोरम का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा मिस्र के वरिष्ठ मंत्रियों, प्रमुख उद्योगपतियों और कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठकें होंगी।

भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति का 7वां सत्र 15 नवंबर को काहिरा में आयोजित होगा। इसकी सह-अध्यक्षता भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और मिस्र के निवेश एवं विदेश व्यापार मंत्री डॉ. मोहम्मद फरीद सालेह करेंगे। जेटीसी को मंत्री-स्तरीय दर्जा दिया जाना दोनों देशों की आर्थिक और व्यावसायिक साझेदारी के प्रति गंभीर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बैठक में द्विपक्षीय व्यापार और निवेश की प्रगति की समीक्षा के साथ व्यापार विस्तार, बाजार तक पहुंच, गैर-शुल्क बाधाओं को दूर करने और कृषि उत्पादों, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा, इंजीनियरिंग सामान, रसायन, पेट्रोकेमिकल्स, उर्वरक, कपड़ा, एमएसएमई, नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, परिवहन और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।

64 प्रतिशत बढ़ा भारत-मिस्र द्विपक्षीय व्यापार

भारत और मिस्र के बीच व्यापारिक संबंधों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान दोनों देशों के बीच वस्तुओं का द्विपक्षीय व्यापार 5.04 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 64 प्रतिशत अधिक है।

वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने मिस्र को 3.87 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निर्यात किया, जबकि मिस्र से भारत का आयात 2.60 बिलियन अमेरिकी डॉलर रहा। भारत से मिस्र को प्रमुख रूप से मांस एवं पोल्ट्री उत्पाद, पेट्रोलियम उत्पाद, कार्बनिक रसायन, कपास और मशीनरी का निर्यात किया जाता है। वहीं मिस्र से भारत में कच्चा पेट्रोलियम, उर्वरक, कपास और खनिज उत्पाद आयात किए जाते हैं।

130 से अधिक सीईओ और उद्योग प्रतिनिधि होंगे शामिल

इस यात्रा में भारत का उच्चस्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी हिस्सा लेगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के 130 से अधिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और वरिष्ठ उद्योग प्रतिनिधि शामिल होंगे। संयुक्त व्यापार परिषद की बैठक और भारत-मिस्र बिजनेस फोरम के माध्यम से दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधियों को सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।

इस दौरान संयुक्त उद्यम, तकनीकी साझेदारी, औद्योगिक सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर विशेष चर्चा होगी। साथ ही अफ्रीकन एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक (Afreximbank), इजिप्शियन जूनियर बिजनेसमैन एसोसिएशन और मिस्र-भारत स्टार्टअप फोरम के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं।

अफ्रीका और यूरोप के बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर

बैठकों में मिस्र के स्वेज नहर आर्थिक क्षेत्र, औद्योगिक विकास, विनिर्माण, बुनियादी ढांचे, बंदरगाहों और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में भारतीय निवेश की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा। मिस्र की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति भारतीय कंपनियों के लिए अफ्रीका, मध्य पूर्व और यूरोप के बाजारों तक पहुंच बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है।

भारत और मिस्र के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक संबंध लंबे समय से मजबूत रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचे हैं। अब दोनों देश आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में प्रयासरत हैं।

माना जा रहा है कि यह यात्रा भारत-मिस्र के आर्थिक और वाणिज्यिक संबंधों को नई गति देने के साथ विनिर्माण, फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल, कपड़ा, रसायन, खाद्य प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्रों में नए अवसरों के द्वार खोलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *